Dehradunउत्तराखंड

शौर्य स्थल में प्रथम परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित किए जाने का अनुरोध किया

कुमाऊँ रेजीमेंट पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने सैनिक कल्याण मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Date/31/08/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। कुमाऊँ रेजीमेंट की चैथी बटालियन के पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से देहरादून स्थित चीड़बाग के निकट शौर्य स्थल में भारतीय सेना के प्रथम परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित किए जाने का अनुरोध किया गया। संगठन ने कहा कि स्वर्गीय मेजर सोमनाथ शर्मा भारतीय सेना के प्रथम परमवीर चक्र सम्मानित एवं 4 कुमाऊं के वीर सपूत थे। वर्ष 1947 में कश्मीर के बड़गाम में उन्होंने अदम्य साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उनके असाधारण शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें 03 नवंबर 1947 को मरणोपरांत भारत के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा शौर्य स्थल पर स्थापित होने से उनकी वीरता और बलिदान को स्थायी रूप से सम्मान मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।

ज्ञापन में संगठन ने यह भी कहा कि यदि प्रतिमा 03 नवंबर, अर्थात मेजर सोमनाथ शर्मा के परमवीर चक्र सम्मान की स्मृति दिवस के अवसर पर स्थापित की जाती है, तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही 4 कुमाऊं की पलटन, नैनी, कुमाऊं रेजिमेंट के गौरवशाली परिवारों तथा देहरादूनवासियों के सहयोग से प्रतिमा स्थापना को भव्य रूप प्रदान करने की बात कही गई।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा के शौर्य एवं बलिदान को सम्मानित करने के लिए प्राप्त प्रस्ताव पर उचित स्तर पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके सम्मान में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्व सैनिक सूबेदार महिपाल सिंह देवपा, सुरेश राठौर, हरिपाल सिंह कार्की, गोविंद सिंह खरकवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button