
Date/31/07/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। उत्तराखंड अन्य विछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने आयोग कार्यालय में प्राप्त विभिन्न शिकायती प्रकरणों पर सुनवाई की। इस दौरान कुल 11 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए अध्यक्ष ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट आख्या आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने तथा पात्र शिकायतकर्ताओं को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। सुनवाई के दौरान माया देवी, जिला परियोजना कार्यालय हरिद्वार के ज्येष्ठता निर्धारण संबंधी प्रकरण में निदेशक कृषि, उत्तराखण्ड की ओर से उप निदेशक एचआर डॉ. ए.के. वर्मा एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आयोग अध्यक्ष ने विभागीय प्रतिनिधि को प्रकरण का पुनः संज्ञान लेते हुए ज्येष्ठता संबंधी मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा सुस्पष्ट आख्या आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं नन्दिनी गुसाईं, चम्बा टिहरी गढ़वाल के भूमि संबंधी प्रकरण में जिलाधिकारी देहरादून की ओर से नायब तहसीलदार विकासनगर ग्यारूदत्त जोशी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से सीओ सिटी कार्यालय के प्रतिनिधि हैड कांस्टेबल वीरेन्द्र रावत उपस्थित रहे। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण में सकारात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयोग को आख्या उपलब्ध कराने तथा प्रार्थिनी को नियमानुसार भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
अहसान अंसारी, हरिद्वार की राशन की दुकान खोले जाने संबंधी शिकायत पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, जिला पूर्ति कार्यालय हरिद्वार एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। सुनवाई के बाद आयोग अध्यक्ष ने विभाग को प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार शोभना, हरिद्वार के पैतृक भूमि विवाद संबंधी प्रकरण में तहसीलदार हरिद्वार सचिन कुमार एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहीं। आयोग अध्यक्ष ने तहसीलदार को प्रार्थिनी के प्रकरण में सहानुभूतिपूर्वक एवं नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कुलदीप सिंह, चमोली के जाति प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरण में राजस्व उप निरीक्षक श्री जयवीर सिंह बिष्ट एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे। शिकायतकर्ता ने आयोग को अवगत कराया कि उनका अन्य पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अध्यक्ष ने संबंधित विभाग को प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सरोज कुमार, देहरादून के सामान वापस दिलाए जाने संबंधी प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की ओर से थाना सेलाकुई की उप निरीक्षक शशि राणा उपस्थित रहीं। विभाग से प्राप्त आख्या का संज्ञान लेते हुए आयोग अध्यक्ष ने प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
संतोष देवी के पति की मृत्यु के उपरांत देयकों के भुगतान संबंधी प्रकरण में मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधमसिंहनगर की ओर से उपस्थित प्रतिनिधि को आयोग के पूर्व आदेशों के क्रम में 15 दिन के भीतर सुस्पष्ट आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।




