
Date/12/07/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित छठे लोक संवर्धन पर्व के दूसरे दिन आगंतुकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता, पारंपरिक शिल्पकला और उद्यमशीलता की भावना को समर्पित यह महोत्सव बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित कर रहा है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा उत्तराखंड सरकार के उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव में आगंतुकों ने देशभर के पारंपरिक हस्तशिल्प, क्षेत्रीय व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाया। प्रदर्शनी में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां उत्कृष्ट हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, पारंपरिक शिल्प और क्षेत्रीय व्यंजनों की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जा रही है। मास्टर कारीगरों द्वारा किए जा रहे लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से आगंतुकों को उन बारीक कौशल और सदियों पुरानी परंपराओं को करीब से देखने का अवसर मिला, जो भारत की समृद्ध शिल्प विरासत की पहचान हैं।
दिन के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों एवं बड़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने भारत की सांस्कृतिक विविधता, विरासत और परंपराओं से प्रेरित कलाकृतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम महोत्सव के अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे। महोत्सव में भाग ले रहे कारीगरों और प्रदर्शकों की उद्यमशील क्षमताओं को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) द्वारा एक संवादात्मक ज्ञान सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र महोत्सव में भाग ले रहे सभी कारीगरों और उद्यमियों के लिए खुला था। राज्य प्रमुख बीरेंद्र सिंह सजवाण और शैलेश रावत द्वारा संचालित सत्र में उद्यमिता विकास, व्यवसाय विस्तार, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और बाजार के अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने उद्यमों को मजबूत बनाने और बाजार में अपनी पहुंच का विस्तार करने के लिए व्यावहारिक जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर ने कहा, ष्लोक संवर्धन पर्व महज एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की जीवंत परंपराओं और हमारे कारीगरों की असाधारण प्रतिभा का उत्सव है। आगंतुकों से मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया स्वदेशी शिल्प के प्रति बढ़ती सराहना को दर्शाती है। साथ ही, यह आयोजन कारीगरों को बाजार तक पहुंच, व्यवसाय वृद्धि और स्थायी आजीविका के सार्थक अवसर प्रदान कर रहा है।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम की निदेशक दीप्ति सिंह ने कहा, ष्महोत्सव ने एक ऐसा जीवंत मंच तैयार किया है, जहां कारीगर, उद्यमी और आगंतुक शिल्पकला, संस्कृति और नवाचार का उत्सव मनाने के लिए एक साथ आ रहे हैं। प्रदर्शनियों, ज्ञान सत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संवर्धन पर्व न केवल कारीगरों के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर रहा है, बल्कि हमारे देश की अमूल्य पारंपरिक विरासत के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।




