Date/06/11/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के बहाने भाजपा ने विकास के दावों के साथ चुनावी एजेंडे को भी धार दे दी। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए भाजपा की सत्ता में वापसी का दावा किया। उन्होंने मंच से कहा कि यहां से राहुल बाबा तक आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में 65 पार का लक्ष्य लेकर घर-घर पहुंचने का आह्वान किया। शाह ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी की वकालत करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अवैध मजारों और मदरसों को हटाने का काम करेगी। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा कि उन्हें यह कार्रवाई भी पसंद नहीं आती। उन्होंने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प भी दोहराया। भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के बीच संबोधन शुरू करते हुए शाह ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्ष और रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस और सपा ने राज्य निर्माण की मांग का विरोध किया तथा आंदोलनकारियों पर अत्याचार किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री धामी ने विकास की गति को रुकने नहीं दिया। उन्होंने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत, सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत तथा राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लखपति दीदियों की संख्या तीन लाख से अधिक हो गई है। शहीद सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है और सीमांत क्षेत्रों के 51 गांवों को वाइब्रेंट विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पहले चीन के डर से सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित किए जाते थे, जबकि मोदी सरकार ने सीमाओं तक सड़कों का जाल बिछाया है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था अब इतनी मजबूत है कि कोई देश की सीमा में घुसने की हिम्मत नहीं कर सकता। शाह ने पूर्व मुख्यमंत्रियों बीसी खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को विकास कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने के लिए काम कर रही हैं। इस प्रकार राज्योत्सव समारोह में विकास की उपलब्धियों के साथ कांग्रेस पर हमले, राहुल गांधी को सीधी राजनीतिक चुनौती और 65 पार के लक्ष्य ने साफ कर दिया कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।