Dehradunउत्तराखंड

राज्यपाल ने कांवड़ मेला कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा

कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकताः राज्यपाल

Date/28/07/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून/हरिद्वार। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। राज्यपाल ने कहा कि कांवड़ मेले में प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार होने वाली वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्व तैयारी के साथ सुनिश्चित की जाएं तथा आवश्यकता के अनुसार संसाधनों और मानव बल की तैनाती की जाए।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष के कांवड़ मेले के अनुभवों से सीख लेकर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाया जाए। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने मेले में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल देते हुए मशीनयुक्त स्वीपिंग मशीनों के प्रभावी संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में तैनात सभी कार्मिकों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में समुचित ब्रीफिंग दी जाए, जिससे किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित करने की भी बात कही, ताकि उनका मनोबल बढ़े और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहन मिले।

राज्यपाल ने मेले के सुचारु संचालन के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का अधिकतम उपयोग करने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि निगरानी, भीड़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन में एआई तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने राज्यपाल को कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, आने-जाने वाले रूट, संवेदनशील स्थलों, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही सतत निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विभागों के मध्य स्थापित समन्वय की विस्तृत जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button