मसूरी में धूमधाम से मना दशहरा, भगवान राम की शोभायात्रा के बाद हुआ रावण दहन – Uttarakhand Prime 24X7

मसूरी में धूमधाम से मना दशहरा, भगवान राम की शोभायात्रा के बाद हुआ रावण दहन

Date/20/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व पर्यटन नगरी मसूरी में धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा की ओर से भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, बैंड-बाजों और आकर्षक धार्मिक झांकियों से सजी शोभायात्रा ने नगर का माहौल भक्तिमय बना दिया। गांधी चैक पर रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

दशहरा पर्व के अवसर पर सबसे पहले सनातन धर्म मंदिर में भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा मंदिर परिसर से रवाना हुई, जो मलिंगार चैक, गुरुद्वारा चैक, लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी और मॉल रोड होते हुए गांधी चैक पहुंची। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।

शोभायात्रा में भगवान श्रीराम और राम दरबार के साथ वनवासी राम परिवार, भगवान शिव तथा मां दुर्गा की झांकियां शामिल रहीं। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने झांकियों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धा प्रकट की। स्थानीय लोक कलाकार पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हुए शोभायात्रा के साथ आगे बढ़े। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

शोभायात्रा के कुलड़ी पहुंचने पर श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद गांधी चैक पहुंचने पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया। गांधी चैक पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बुराई के प्रतीक रावण का दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने अच्छाई, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

रावण दहन के बाद शोभायात्रा वापस सनातन धर्म मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, मंत्री नीरज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली, गोविंद पुंडीर, अमित गुप्ता, अनिल गोयल, अनुज तायल, वैभव तायल, उपेंद्र पंवार, संदीप अग्रवाल, रवि गोयल, अतुल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *