भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत, 5 घायल – Uttarakhand Prime 24X7

भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत, 5 घायल

Date/30/05/2026

Rudraprayag/ Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्रान्तर्गत भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 12रू15 बजे सूचना मिली कि भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ तथा डीडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मौके पर पहुंची टीमों ने पाया कि वाहन संख्या यूके 13बी -4293 (सिलेरियो) सड़क से लगभग 50 फीट नीचे गहरी खाई में गिरकर एक पेड़ पर अटका हुआ था। वाहन बांसवाड़ा क्षेत्र से पेलिंग व उथिंड गांव की ओर जा रहा था। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया।

दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें रेशमा देवी, दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) तथा वैभव (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है।

वहीं हादसे में महेन्द्र सिंह (68 वर्ष), उनके पुत्र अंजन सिंह (42 वर्ष) तथा संगीता देवी (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूर्ण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया ।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में घायल एवं मृतक सभी व्यक्ति उथिंड गांव के निवासी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। दुर्गम क्षेत्र में समय रहते चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों से घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *