भद्राज रोड पर वाहन खाई में गिरा, दो लोग चोटिल – Uttarakhand Prime 24X7

भद्राज रोड पर वाहन खाई में गिरा, दो लोग चोटिल

Date/23/08/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। भदराज जाने वाले मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गया जिसमें दो लोग सवार थे। सूचना पर पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची व देखा कि रोड से करीब दस मीटर नीचे वाहन गिरा है, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार दोनों लोगों को सुरक्षित निकाला।

कॉलर ने फोन के माध्यम से थाना कोतवाली मसूरी पर सूचना दी गई कि भादराज जाने वाली सड़क पर एक वाहन सड़क से नीचे गिर गया है, जिसमें कुछ लोग सवार हैं। सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली मसूरी से चैकी प्रभारी हैप्पी वैली मय पुलिस टीम एवं आपदा उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि वाहन संख्या डीएल 8सीबीपी 1934 सफेद रंग की स्विफ्ट कार, सड़क से लगभग 10 मीटर नीचे जा गिरी थी। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को स्थानीय व्यक्तियों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूछताछ में वाहन स्वामी नितिन गोयल पुत्र पी.सी. गोयल, मूल निवासी करोल बाग, दिल्ली, हाल पता कृषाली चैक, देहरादून, ने बताया कि वह अपने साथी अरविंद कुमार पुत्र सूरज चंद, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश के साथ देहरादून से मसूरी घूमने आए थे। रात्रि के समय रास्ता भटकने के कारण वे भादराज मंदिर जाने वाली सड़क पर चले गए। क्लाउड एंड से आगे रास्ता भटकने की जानकारी होने पर दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तीखी चढ़ाई पर वाहन के ब्रेक सही प्रकार से नहीं लगने के कारण वाहन पीछे की ओर चला गया और सड़क से लगभग 10 मीटर नीचे जा गिरा। दुर्घटना में दोनों व्यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं तथा दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं। वाहन को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु क्रेन को सूचना दे दी गई है। मौके पर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *