फैक्ट्री में छापेमारी, भारी मात्रा में नकली पनीर पकड़ी – Uttarakhand Prime 24X7

फैक्ट्री में छापेमारी, भारी मात्रा में नकली पनीर पकड़ी

Date/14/10/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। जनपद के लक्सर क्षेत्र में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार सुबह लक्सर क्षेत्र के संघीपुर गढ़ी गांव में पनीर बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान इकाई में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिलीं। टीम ने मौके से करीब 90 किलो तैयार पनीर और पनीर बनाने में इस्तेमाल हो रहा लगभग 6 क्विंटल पामोलीन ऑयल बरामद कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि संघीपुर गढ़ी में एक इकाई में पामोलीन ऑयल से एनालॉग (नकली) पनीर बनाया जा रहा है और इसे लक्सर, हरिद्वार और आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, फूड इंस्पेक्टर दिलीप जैन, पुलिस टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि इकाई में बड़े-बड़े टबों में पनीर तैयार किया जा रहा है। जांच में पाया गया कि वहां दूध की जगह पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और केमिकल्स से पनीर बनाया जा रहा था। छापे के दौरान मौके पर लगभग 2 क्विंटल क्षमता का एक बड़ा फ्राइंग टब, बड़े डीप फ्रीजर, पनीर को जमाने के सांचे और अन्य उपकरण मिले। अधिकारियों के अनुसार इस इकाई में एक बार में करीब 26 क्विंटल पनीर तैयार करने की क्षमता के उपकरण लगे हुए थे। यानी रोजाना कई क्विंटल नकली पनीर बनाकर बाजार में खपाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *