पोखरी क्षेत्र में भालुओं का आतंक जारी, स्कूल जाते छात्र पर भालू का हमला – Uttarakhand Prime 24X7

पोखरी क्षेत्र में भालुओं का आतंक जारी, स्कूल जाते छात्र पर भालू का हमला

Date/20/12/2025

Pokhari/Uttarakhand prime 24×7 

पोखरी। क्षेत्र में भालुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर के कक्षा 7 के छात्र देवेश पर स्कूल जाते समय भालू के बच्चे ने हमला कर दिया। घटना में देवेश के पैर पर भालू के बच्चे के नाखूनों से हल्के खरोंच के निशान आए हैं।

जानकारी के अनुसार, देवेश अपने गांव के कक्षा 6 के छात्र पाकेश के साथ गांव से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों के बीच से अचानक भालू का बच्चा निकला और देवेश का पैर पकड़कर नाखून मार दिए। साथ चल रहे मुकेश ने साहस दिखाते हुए भालू के बच्चे पर पत्थर मारे और शोर मचाया, जिससे भालू का बच्चा जंगल की ओर भाग गया।

घटना की पुष्टि करते हुए अध्यापक मनबर रावत ने बताया कि मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। इसके बाद घायल छात्र देवेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। उप वन क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि देवेश के पैर पर भालू के बच्चे के नाखूनों से हल्के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद वन कर्मियों के साथ छात्र को सुरक्षित उसके घर छोड़ा जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि छात्र को गंभीर चोट नहीं लगी है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *