Date/06/10/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके से भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चैक, थाना कोतवाली नगर, देहरादून के रूप में हुई है। उसका मूल निवास बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार 6 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब 3.10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर को सूचना मिली कि तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति घर में चोरी करते हुए पकड़ा गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला पर पेचकस से हमला किया है। पुलिस ने घर के अंदर जाकर देखा तो रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। वहीं आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी बुजुर्ग दंपत्ति ने उसे प्लंबिंग का काम करने के लिए अपने घर बुलाया था। पुलिस के मुताबिक काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी की बुजुर्ग दंपत्ति से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला कर दिया।
इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला तिलया देवी उर्फ शीला ने बुजुर्ग दंपत्ति की आवाज सुनी और बीच-बचाव के लिए वहां पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।