पेयजल टैंक में नरकंकाल मिलने से हड़कंप – Uttarakhand Prime 24X7

पेयजल टैंक में नरकंकाल मिलने से हड़कंप

Date/02/06/2026

Nanital/Uttarakhand prime 24×7 

नैनीताल। पेयजल टैंक की सफाई व निरीक्षण के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पानी के उस टैंक से मानव अवशेष यानि नरकंकाल बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने उस नरकंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मामला रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र पाटकोट के अमोठा गांव का है। यहंा पेयजल टैंक के भीतर एक नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोग पेयजल टैंक की सफाई और निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान टैंक के अंदर मानव कंकाल जैसा कुछ दिखाई दिया। पहले तो लोगों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन करीब जाकर देखने पर मामला गंभीर निकला। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सावधानीपूर्वक टैंक से नर कंकाल को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में कंकाल काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी भी ली और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि कंकाल की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए अवशेषों को डीएनए जांच हेतु भेज दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में पिछले महीनों और वर्षों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *