Date/07/10/2026
Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7
रुद्रप्रयाग। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि डॉ. हेमा असवाल ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पठालीधार का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए संबंधित कार्मिकों को दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने ओपीडी संचालन, औषधियों की उपलब्धता, साफ-सफाई, कार्मिकों की उपस्थिति, उपस्थिति पंजिका, विभिन्न अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों की स्थिति की भी जानकारी ली।
डॉ. हेमा असवाल ने चिकित्सालय में तैनात स्टाफ को निर्देश दिए कि उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और उनके उचित रख-रखाव के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल के सभी अभिलेखों एवं पंजिकाओं को नियमित रूप से अद्यतन और व्यवस्थित रखने को कहा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने समस्त स्टाफ को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।