दून विश्वविद्यालय में जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना जागरूकता शिविर आयोजित – Uttarakhand Prime 24X7

दून विश्वविद्यालय में जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना जागरूकता शिविर आयोजित

Date/26/11/2026

Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में स्व-गणना जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी तथा परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने जनगणना-2027 के तहत उपलब्ध डिजिटल स्व-गणना सुविधा की जानकारी देते हुए युवाओं से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा तकनीक का उपयोग कर न केवल स्वयं इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकते हैं। इससे जनगणना अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने जनगणना निदेशालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और जनगणना कार्य में पूरा सहयोग देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उप निदेशक आरके बनवारी और निदेशालय की तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की पूरी प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया। चरणबद्ध तरीके से जानकारी भरने और उसे दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। शिविर में कई विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मौके पर ही अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *