Rudrapurउत्तराखंड

तीन दिन से लापता किशोर का शव नदी से बरामद

तीन दिन से लापता किशोर का शव नदी से बरामद

Date/25/07/2026

Rudrapur/Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रपुर। पिछले तीन दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी से बरामद किया गया। परिजनों ने किशोर के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के खेड़ा वार्ड-17 इलाके से 13 वर्षीय का किशोर 21 जुलाई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस भी किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार झील के समीप स्थित कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे कुछ लोगों की नजर नदी में उतराते किशोर के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रम्पुरा चैकी से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान लापता किशोर रिजवान के रूप में हुई।

शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, वे मौके पर पहुंचे और पहचान की पुष्टि की। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि रिजवान के सिर पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है।

उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यदि रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में सीओ विभव सैनी ने बताया कि किशोर का शव कल्याणी नदी से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की ओर से मिली तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button