ड्रोन निगरानी से वनाग्नि फैलाने का आरोपी गिरफ्तार – Uttarakhand Prime 24X7

ड्रोन निगरानी से वनाग्नि फैलाने का आरोपी गिरफ्तार

Date/22/05/2026

Rudraprayag/ Uttarakhand prime 24×7 

रूद्रप्रयाग। जंगलों में आग लगाने वाले एक व्यक्ति को वन विभाग की टीम ने ड्रोन निगरानी के चलते गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जखोली रेंज में आग लगाते हुए पकड़ा गया। जिस पर वन अधिनियम की धाराओं मेे मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं वन संपदा की सुरक्षा के लिए वन विभाग द्वारा आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में जखोली रेंज अंतर्गत वन क्षेत्र में आग लगाने वाले एक व्यक्ति को ड्रोन निगरानी के माध्यम से चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने स्वयं ड्रोन संचालित कर वन क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। गत 20 मई को ड्रोन के माध्यम से जखोली रेंज के तैला कक्ष संख्या-07 में एक व्यक्ति को वन क्षेत्र में आग लगाते हुए देखा गया। घटना की सूचना तत्काल वन दरोगा, बड़मा अनुभाग एवं बीट अधिकारी, तैला को दी गई। विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया, किंतु अंधेरे एवं रात्रि का लाभ उठाकर वह मौके से फरार हो गया। घटना के अगले दिन 21 मई को विभागीय अधिकारियों द्वारा पुनः घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आग लगाने की घटना ग्राम एवं पोस्ट पंद्रोला कुमड़ी, तहसील जखोली निवासी त्रिलोक सिंह जगवान पुत्र बचन सिंह द्वारा की गई थी। संबंधित व्यक्ति से पूछताछ किए जाने पर उसने वन क्षेत्र में आग लगाने की बात स्वीकार की। इसके उपरांत वन विभाग द्वारा आरोपी को विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *