जेल में बंद उर्मिला सनावर को नहीं मिली जमानत, सुनवाई स्थगित – Uttarakhand Prime 24X7

जेल में बंद उर्मिला सनावर को नहीं मिली जमानत, सुनवाई स्थगित

Date/29/10/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर को फिलहाल जेल में ही रहना होगा। रानीपुर कोतवाली में दर्ज रंगदारी और धमकी के मामले में गुरुवार को उर्मिला सनावर की जमानत अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने सुनवाई के लिए अब 31 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है। लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्य ने इसकी पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट सौंपने के लिए समय मांगा था, जिसके चलते आज सुनवाई नहीं हो सकी। दरअसल, अभिनेत्री उर्मिला सनावर हरिद्वार जेल में बंद है। उर्मिला के वकील की ओर से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की गई थी। इस पर कोर्ट ने रानीपुर कोतवाली पुलिस से मुकदमे से संबंधित जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी, लेकिन सुनवाई स्थगित हो गई।

जानकारी के अनुसार ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने बीती 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया गया था कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उनके और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं। इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया था। मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस उर्मिला सनावर को हरिद्वार लेकर आई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला कारागार भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद उनके अधिवक्ता ने जमानत अर्जी दाखिल की थी। गुरूवार को जमानत अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई की तारीख तय की थी, लेकिन पुलिस ने जांच आख्या प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा गया, इसलिए अब 31 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई में उनकी जमानत पर फैसला आने की उम्मीद है। लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्य ने बताया कि उर्मिला की जमानत पर होने वाली सुनवाई को न्यायालय ने स्थगित कर दिया गया है और अब 31 अक्टूबर को जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।

दरअसल, उर्मिला सनावर उस समय सुर्खियों में आई थी, जब उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अपनी और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बीच मोबाइल पर हुई कथित बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर जारी किया था। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की बात सामने आई थी। इस ऑडियो के सामने आने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में हलचल मच गई थी। विपक्ष से लेकर कई सामाजिक संगठनों ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल किया था। फिलहाल इस मामले की जांच भी सीबीआई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *