Pithoragarhउत्तराखंड

जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार शिविर में भड़के डीएम

जल जीवन मिशन में ढिलाई पर अफसरों को फटकारा

Date/11/02/2026

Pithoragarh/Uttarakhand prime 24×7 

पिथौरागढ़। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत शिविरों का आयोजन न्याय पंचायत काण्डे, विकास खण्ड सभागार बेरीनाग, विकास खण्ड बेरीनाग में किया गया। शिविर की अध्यक्षता आशीष कुमार भटगाईं, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ द्वारा की गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। डीएम ने उडियारी में पेयजल समस्या की शिकायत पर जांच के आदेश दिए।

शिविर में राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आधार, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। इनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि से संबंधित आवेदन भरवाए गए।

शिविर के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, पंचायत घर निर्माण, जंगली जानवरों के आतंक, जल जीवन मिशन के अंतर्गत घटिया नलों की जांच, खेल मैदान एवं संपर्क मार्गों की खस्ताहाली, नगरपालिका डम्पिंग जोन से हो रही समस्याओं सहित विभिन्न विषयों को रखा गया।

पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डांगी ने सैनिक कैंटीन के लिए भूमि का चयन और व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने बेरीनाग में पेयजल की समस्या और महाविद्यालय को जोड़ने वाला मार्ग खस्ताहाल होने सहित विभिन्न समस्याओं को रखा। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की और ग्राम प्रधान उडियारी हेमा देवी ने उडियारी में पेयजल की समस्या को उठाया और बताया कि चौथे दिन ग्रामीणों को पेयजल मिल रहा है। इस पर डीएम ने जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई और जांच के आदेश दिए।

ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने ग्राम पंचायत ग्वीर के भराड़ी तोक को नगरपालिका और पंचायत का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। सामाजिक कार्यकर्ता ललित पंत ने कृषि कार्यालय को विकास खंड में संचालित नहीं होने पर शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के कार्यालय को ब्लॉक में संचालित करने के आदेश दिये। वहीं ग्राम प्रधान गराऊ दीप पंत ने पर्यटक स्थल छीड़ेश्वर तक सड़क सुविधा से जोड़ने और गराऊ हलियाजोब मोटर मार्ग खस्ताहाल होने की शिकायत की।

भाजपा कार्यकर्ता मनीष पंत ने बेरीनाग बाईपास और सानीखेत छलौड़ी मार्ग खस्ताहाल होने की समस्या को रखा। वहीं ग्राम प्रधान पौषा भूपाल राम ने बेरीनाग पौषा पोस्ताला मोटर खस्ताहाल मार्ग की समस्या को रखा। ग्राम प्रधान चौकोड़ी मनोज सानी ने चौकोड़ी और बेरीनाग में प्रमाण पत्र नहीं बनने और बिजली पानी के कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा बेरीनाग, चौकोड़ी, उडियारी, देवीनगर, पौषा, शाहगराऊं, हलियाजोब, जगथली सहित विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को प्रस्तुत किया गया।

जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। शिविर में लगभग 510 व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। 682 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 178 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 14 शिकायतों को संबंधित विभागों को यथोचित कार्रवा हेतु भेजा गया। डीएम ने जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को फटकार लगाई। इस मौके पर विधायक फकीर राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button