
Date/18/08/2026
Chamoli/Uttarakhand prime 24×7
चमोली। विगत चार पांच दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जहां एक और नदी नाले उफान पर बह रहे हैं। वहीं कई मोटर मार्ग मलबा आने के चलते बाधित हो गए हैं। चमोली जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन हो गया है। जिससे मंदिर परिसर के अंदर मलबा घुस गया।
जनपद चमोली में बारिश के चलते आपदाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोतिर्मठ ब्लॉक के पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदिर के ऊपर पहाड़ी से कई टन मलबा गिर गया। घटना में मंदिर परिसर को काफी क्षति पहुंचने की जानकारी है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। राहत की बात यह है कि भूस्खलन की इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी तहसील प्रशासन जोशीमठ को दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी और विकासखंड गैरसैंण के अंतर्गत कुनीगाड़ क्षेत्र के कल्याणा मल्ला गांव में देर रात हुई मूसलाधार वर्षा के चलते एक गौशाला ध्वस्त हो गई। गनीमत रही की भारी बारिश से आशंकित गौशाला मालिक रतन सिंह ने अपने मवेशियों को अन्यत्र बांध दिया था, जिससे मवेशियों की जान बच गयी।




