गंगोत्री धाम में डीएम ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा – Uttarakhand Prime 24X7

गंगोत्री धाम में डीएम ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा

Date/10/03/2026

Uttarkashi/Uttarakhand prime 24×7 

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने मंगलवार को गंगोत्री धाम पहुंचकर अधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग,स्नान घाटों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी ने गंगोत्री धाम में मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित भूस्खलन जोन तथा यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख पड़ावों,पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों की समीक्षा की। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और ठहरने की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्नान घाट के सौंदर्यीकरण करने एवं नगर पंचायत के अंतर्गत चल रहे निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गंगोत्री सीवरेज प्लांट में किचन और बाथरूम का पानी समाहित न होने देने के लिए नगर पंचायत और जल संस्थान को संयुक्त रूप से चेकिंगअभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में समुचित प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश उरेडा को दिए। साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों के आजीविका संवर्द्धन के लिए यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर क्योस्क स्थापित करने के निर्देश रीप को दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने धराली में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रभावित परिवारों ने रखी गई मांगों पर उन्होंने हर संभव निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने प्रतिकर से जुड़े मामलों के निस्तारण को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने बीआरओ को धराली में सड़क मार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को धूल की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व सड़क मार्ग पर डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश बीआरओ को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *