काशीपुर में बीआईएस ने आयोजित किया मानक मंथन – Uttarakhand Prime 24X7

काशीपुर में बीआईएस ने आयोजित किया मानक मंथन

दिनांक/22/04/2025

Dehradun/Uttarakhandprime 24×7 

देहरादून। काशीपुर स्थित केजीसीसीआई भवन में आज एक प्रभावशाली उद्योग बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्लाईवुड क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया। इस बैठक का उद्देश्य उद्योग मानकों में होने वाले महत्वपूर्ण बदलावों पर चर्चा करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय भट्ट, सांसद नैनीताल-उधम सिंह नगर ने कहा कि हमें मानकों का पालन करना चाहिए और अपने मानकों को विश्वस्तरीय बनाना चाहिए ताकि हम 2047 तक विकसित राष्ट्र का लक्ष्य प्राप्त कर सकें।

विशेष अतिथियों के रूप में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की उत्तर क्षेत्रीय उपमहानिदेशक, श्रीमती स्नेह लता एवं निदेशक श्री सौरभ तिवारी ने कार्यक्रम में भाग लिया और मानकीकरण प्रयासों पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।

सौरभ तिवारी, निदेशक एवं प्रमुख, ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और बताया कि काशीपुर में इस प्रकार की यह पहली बैठक है। उन्होंने केजीसीसीआई द्वारा स्थानीय उद्योग पारिस्थितिकी तंत्र के विकास हेतु किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संशोधित मानक लागू होने के पश्चात प्लाईवुड को अनिवार्य रूप से आईएसआई मार्क प्राप्त करना होगा।

बैठक में प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिनमें केजीसीसीआई अध्यक्ष अशोक बंसल, उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश प्लाईवुड संघ के अध्यक्ष रमेश मिधा तथा सचिव संदीप गुप्ता शामिल रहे। एक विशेष तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्लाईवुड मानकों में संशोधन एवं आईएस 1659 (ब्लॉक बोर्ड से संबंधित मुख्य मानक) में प्रस्तावित मसौदा संशोधन पर चर्चा हुई। यह सत्र बीआईएस के संयुक्त निदेशक प्रदीप सिंह शेखावत द्वारा संचालित किया गया, जिन्होंने गुणवत्ता सुधार एवं वर्तमान बाजार आवश्यकताओं के अनुरूप अनुपालन तंत्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। यह आयोजन नीति निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों एवं व्यवसाय प्रतिनिधियों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बना, जिससे संशोधित मानकों के सहज क्रियान्वयन एवं उद्योग की चिंताओं के समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *