अहंकार त्यागकर सेवा, साधना और समर्पण अपनाने का अवसर है कुंभ – Uttarakhand Prime 24X7

अहंकार त्यागकर सेवा, साधना और समर्पण अपनाने का अवसर है कुंभ

Date/18/11/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। कुंभ केवल गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, अहंकार त्यागने और जीवन में सेवा, साधना एवं समर्पण के भाव अपनाने का अवसर है। श्रद्धालुओं को कुंभ से सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक चेतना और संतों के विचारों की प्रेरणा लेकर अपने जीवन में बदलाव लाना चाहिए। यह कहना है आनंद अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज का, जिन्होंने एक विशेष बातचीत में कुंभ के आध्यात्मिक महत्व, सनातन संस्कृति, युवा पीढ़ी और संत समाज की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को केवल स्नान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि धैर्य, ध्यान, मंत्र-जप, तप और सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेना चाहिए। संतों का सान्निध्य व्यक्ति को जीवन की सही दिशा निर्धारित करने की प्रेरणा देता है। युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने पर उन्होंने कहा कि संत समाज प्रवचनों, धार्मिक कथाओं और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक माध्यमों से भारतीय संस्कृति के मूल्यों को युवाओं तक पहुंचा रहा है। युवाओं को अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, साधना और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि कुंभ भारतीय सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। गंगा के समक्ष सभी समान हैं और यही सनातन धर्म की मूल भावना है। अखाड़े और संत समाज इस परंपरा के संरक्षण एवं धर्म की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। हरिद्वार कुंभ की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि हरिद्वार भगवान विष्णु और भगवान शिव, दोनों से जुड़ी पवित्र भूमि है। हर की पैड़ी पर गंगा स्नान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और पवित्रता का अनुभव कराता है। स्वामी बालकानंद गिरि जी महाराज ने कुंभ के दौरान उपनयन और मुंडन जैसे 16 संस्कारों के आयोजन को भी विशेष महत्व का बताया। उनके अनुसार, संतों और विद्वानों की उपस्थिति में शास्त्रीय विधि से संपन्न संस्कार व्यक्ति के लिए आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण अनुभव बन जाते हैं। श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों और एसओपी का पालन करना सभी का दायित्व है। अंत में उन्होंने कहा कि कुंभ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब श्रद्धालु यहां से सेवा, त्याग, विनम्रता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश लेकर लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *