Date/12/11/2026
Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में नगर पालिका द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि पिछले वर्ष शहर के दो दर्जन से अधिक सार्वजनिक शौचालयों के सौंदर्यीकरण और सुधारीकरण पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन उचित रखरखाव और नियमित सफाई के अभाव में इनकी हालत फिर से खराब हो गई है। कहीं पानी की व्यवस्था नहीं है तो कहीं सफाई न होने के कारण गंदगी और दुर्गंध का आलम है। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पिक्चर पैलेस से नगर पालिका कार्यालय जाने वाले मार्ग पर स्थित सार्वजनिक शौचालय की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। यहां नियमित सफाई नहीं होने के साथ ही पिछले दो माह से अधिक समय से पानी की आपूर्ति भी बाधित है। मालरोड के नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचते हैं, लेकिन शौचालय के भीतर गंदगी और दुर्गंध के कारण कई लोग बिना उपयोग किए ही वापस लौटने को मजबूर हैं। इससे आसपास के क्षेत्र में भी दुर्गंध फैल रही है और पर्यटन नगरी की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से कई बार नगर पालिका को अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। वहीं जल संस्थान को भी शौचालय में पानी की आपूर्ति नहीं होने की जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। स्थिति यह है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए शौचालय स्वयं गंदगी का केंद्र बनते जा रहे हैं।
लंढौर नगर पालिका पार्किंग में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया सार्वजनिक शौचालय भी बदहाली का शिकार है। निर्माण के बाद से ही यहां साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति ठीक नहीं रही। गंदगी के कारण लोगों ने इसका उपयोग करना बंद कर दिया, जिसके चलते अब इसे बंद करना पड़ा है। शहर के अन्य सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। कई स्थानों पर रखरखाव के अभाव में शौचालय जर्जर हो चुके हैं और लोगों के लिए उपयोगी नहीं रह गए हैं।
सवाल यह है कि जब नगर पालिका ने सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण पर लाखों रुपये खर्च किए हैं तो उनके नियमित संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी क्यों नहीं निभाई जा रही है? पर्यटन नगरी में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। केवल निर्माण और सौंदर्यीकरण से व्यवस्था दुरुस्त नहीं होती, बल्कि नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता और कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी होती है।