त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई – Uttarakhand Prime 24X7

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

Date/01/11/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। त्योहारों के मद्देनजर आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त विनय शंकर पांडेय के कड़े निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून की ओर से लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय के निर्देशों के क्रम में विभागीय टीम ने आज रायपुर चैक, महाराणा प्रताप चैक सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मिठाइयों सहित कुल 83 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिनमें से 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न स्वीट्स शॉप और खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुल 83 खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई, जिनमें 15 खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अभियान का उद्देश्य केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने, उसका उचित भंडारण करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना भी रहा। टीम ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रावधानों की जानकारी दी और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण उनकी गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से मिठाई की दुकानों और बेकरी प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर तीन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने भी लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह के नेतृत्व में गोपाल स्वीट्स से मावा, न्यू लकी स्वीट्स से मावा बर्फी तथा कृष्णा स्वीट्स शॉप से प्लेन बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। विभाग ने इन तीनों विधिक नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला जांच की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, जनपद देहरादून मनीष सयाना ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री विनय शंकर पांडेय के निर्देशानुसार मिठाई विक्रेताओं को लूज मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि तथा अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और उपयोग की अवधि के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे जागरूक होकर खाद्य पदार्थों का चयन कर सकें। उन्होंने बताया कि सभी स्वीट्स शॉप और बेकरी संचालकों को निर्धारित निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है। खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप कारोबार संचालित करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए गए हैं। सयाना ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और त्योहारों के दौरान विशेष अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *