फैक्ट्री में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू – Uttarakhand Prime 24X7

फैक्ट्री में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Date/29/10/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। जिले के भगवानपुर क्षेत्र स्थित लकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में बजाज एंड संस प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गयी। फैक्ट्री के भीतर हीट ट्रीटमेंट प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले क्वेंचिंग ऑयल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल हरकत में आ गई और मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता के साथ फोम कंपाउंड का इस्तेमाल कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। जिसके बाद राहत की सांस ली गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर के लकेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बजाज एंड संस प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लग गई। वहीं फैक्ट्री में अचानक लगी आग की घटना से कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान छूने लगी। इसी बीच फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने भगवानपुर फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना दी। कर्मचारी ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में आग लग गई है और उसे बुझाने के लिए तत्काल अग्निशमन वाहन की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन पर तैनात अग्निशमन दल वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। फैक्ट्री पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि हीट ट्रीटमेंट प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले क्वेंचिंग ऑयल ने आग पकड़ ली थी। वहीं तेल में लगी आग को देखते हुए अग्निशमन दल ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सावधानीपूर्वक कार्रवाई शुरू की। टीम ने मोटर फायर इंजन से होज पाइप फैलाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

इसी के साथ आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए पानी के बजाय फोम कंपाउंड का इस्तेमाल किया गया। दमकल कर्मियों ने समन्वय के साथ काम करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया। वहीं, समय रहते की गई कार्रवाई से आग को नियंत्रित करने में सफलता मिली और संभावित खतरे को टालने में मदद मिली। गनीमत रही इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने की कार्रवाई पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद अग्निशमन दल वापस भगवानपुर फायर स्टेशन पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *