वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च के लिए कांग्रेस ने भरी हुंकार – Uttarakhand Prime 24X7

वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च के लिए कांग्रेस ने भरी हुंकार

Date/29/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। कांग्रेस के देहरादून पर्यवेक्षक एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन कर रही है। कुलड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लल्लू ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रद्द की जाए और मतदान में मतपत्रों की व्यवस्था बहाल की जाए। उन्होंने मतदाता सूची से काटे गए नामों का सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र ऑडिट कराने तथा नाम हटाने के कारणों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए और मतदाता सूची आसानी से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

लल्लू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करने और मतदाता सूची से नाम हटाने की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।

उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र और गोवा के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने दस महीने के भीतर 14 बार मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर कुछ प्रक्रियाओं पर आपत्ति जताई, लेकिन उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। लल्लू ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल सचिव को भी पत्र लिखा है। उन्होंने ओडिशा में दस लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने और देशभर में करोड़ों मतदाताओं के नाम हटाए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाला मार्च मताधिकार की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उत्तराखंड के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।

पत्रकार वार्ता के बाद अजय कुमार लल्लू ने शहर कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मार्च की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान पछवादून जिलाध्यक्ष संजय किशोर, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, आलेंद्र शर्मा, अमेंद्र बिष्ट, गोदावरी थापली, जसबीर कौर, उर्मिला थापा, उपेंद्र थापली, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, नागेंद्र उनियाल, मनीष गौनियाल और प्रशांत खंडूरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *