पंचकेदार के कपाट बंद होने की तिथियां घोषित – Uttarakhand Prime 24X7

पंचकेदार के कपाट बंद होने की तिथियां घोषित

Date/27/10/2026

Rudraprayag/ Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। पंचकेदार के प्रमुख मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इसके साथ ही भगवान केदारनाथ, तुंगनाथ और मद्महेश्वर की उत्सव डोली यात्रा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर सुबह 8रू30 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे। वहीं, तृतीय केदार श्री तुंगनाथ के कपाट 6 नवंबर और श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद भगवान की उत्सव डोलियां परंपरानुसार शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विराजमान होंगी, जहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी के अनुसार, श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान की चल-विग्रह डोली 11 नवंबर को धाम से रवाना होकर रात्रि विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी। 12 नवंबर को डोली रामपुर से प्रस्थान कर फाटा और नारायणकोटी होते हुए गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 13 नवंबर को सुबह 8रू30 बजे डोली गुप्तकाशी से रवाना होकर भगवान के शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां पूर्व परंपराओं के अनुसार भगवान केदारनाथ विराजमान होंगे और शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी।

तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के कपाट 6 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ के लिए प्रस्थान करेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 नवंबर को डोली तुंगनाथ मंदिर से रवाना होकर रात्रि विश्राम के लिए चोपता पहुंचेगी। 7 नवंबर को चोपता से प्रस्थान कर भनकुन स्थित गुफा में रात्रि विश्राम करेगी। 8 नवंबर को डोली भनकुन से रवाना होकर श्री मक्कूमठ मंदिर पहुंचेगी। शीतकाल के दौरान भगवान तुंगनाथ की पूजा-अर्चना मक्कूमठ स्थित शीतकालीन गद्दी स्थल पर की जाएगी।

द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसी दिन भगवान की उत्सव डोली मंदिर से रवाना होकर रात्रि विश्राम के लिए गौंडार गांव पहुंचेगी। 17 नवंबर को डोली गौंडार से प्रस्थान कर रांसी स्थित राकेश्वरी देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 18 नवंबर को डोली रांसी से रवाना होकर ग्राम गिरिया पहुंचेगी। इसके बाद 19 नवंबर को सुबह प्रस्थान कर डोली अपराह्न में पंचकेदार के शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *