Date/21/10/2026
Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में बुधवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। आसमान में बादल छाने के साथ ही घना कुहरा छा गया, जिससे तापमान में गिरावट महसूस होने लगी और ठंड बढ़ गई। मौसम के अचानक बदले मिजाज के चलते स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। मालरोड और बाजारों में ठंड से बचने के लिए पर्यटक गर्म कपड़े खरीदते नजर आए।
पिछले चार दिनों से मसूरी में मौसम खुशगवार बना हुआ था। दिन में अच्छी धूप खिलने के कारण स्थानीय निवासी और पर्यटक सुहावने मौसम का आनंद ले रहे थे। लेकिन बुधवार दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और घने कुहरे ने शहर को अपनी आगोश में ले लिया। इसके साथ ही ठंड बढ़ने से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े।
मालरोड पर घूमने निकले पर्यटक गर्म कपड़ों में नजर आए। जिन पर्यटकों ने अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं लाए थे, वे ठंड से बचने के लिए दुकानों से टोपी, मफलर और अन्य गर्म कपड़े खरीदते दिखाई दिए। मौसम में अचानक आए बदलाव का असर बाजारों की रौनक पर भी पड़ा और ठंड बढ़ने के कारण लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम नजर आई। दिल्ली से मसूरी घूमने आए पर्यटक कनक कुमार ने बताया कि उन्हें यहां इतनी ठंड होने का अंदाजा नहीं था। उन्होंने सोचा था कि मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन अचानक ठंड बढ़ने से उन्हें गर्म कपड़े खरीदने पड़े। टोपी और मफलर लेने के बाद वे मालरोड पर घूमने निकले।