Date/19/10/2026
Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में रामनवमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, घरों में कन्या पूजन और हरियाली काटने की परंपरा निभाई गई।
रामनवमी के अवसर पर पूरा शहर भक्तिमय नजर आया। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। घरों में भी लोगों ने मां भगवती की विधिवत पूजा की। इसके बाद हरियाली काटकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया तथा कन्याओं को भोजन कराकर उपहार भेंट किए।
श्री सनातन धर्म मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर और कैमल बैक रोड स्थित दुर्गा मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और वातावरण भक्तिमय रहा।
पर्व के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया। मैसानिक लॉज स्थित टैक्सी कार एसोसिएशन की ओर से मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भंडारा आयोजित किया गया। वहीं, किंक्रेग स्थित टैक्सी एसोसिएशन की ओर से भी पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।