सत्य साईं सेवा संगठन का हृदय रोग जांच शिविर दून में 1 नवंबर को – Uttarakhand Prime 24X7

सत्य साईं सेवा संगठन का हृदय रोग जांच शिविर दून में 1 नवंबर को

Date/19/10/2026

Dehradun/Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। मानव सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड की ओर से आगामी 1 नवंबर को रायपुर रोड स्थित साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल में विशाल निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। आयोजित शिविर में गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद से पहुंचने वाले हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान करेगी। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरत मंद लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों की जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर को गुजरात की प्रशांति मेडिकल सर्विस का सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह संस्था पिछले 26 वर्षों से निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों के माध्यम से हृदय रोगियों की सहायता कर रही है। इसी सेवा भावना के तहत देहरादून में शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिल सके। उनका कहना है कि आर्थिक अभाव के कारण उपचार से मरीज वंचित न रहें।

कर्नल योगेंद्र सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए हृदय रोगों की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना कई बार कठिन हो जाता है। वहीं, पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में निःशुल्क चिकित्सा शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत का माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि शिविर में हृदय रोगों से संबंधित प्रारंभिक जांच, स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उन्हें आगे की जांच और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से कमजोर और निर्धारित पात्रता के अंतर्गत आने वाले मरीजों को आगे के उपचार में सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में संबंधित स्तर पर समझौता ज्ञापन की पहल की जा रही है। शिविर में गुजरात से आने वाली विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से मरीजों की प्रारंभिक जांच एवं स्क्रीनिंग करेगी। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे की चिकित्सा के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, मानसिक तनाव और शारीरिक गतिविधियों में कमी के बीच हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *