जरूरतमंद बेटी के विवाह में सहारा बना इनर व्हील क्लब, सदस्यों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी – Uttarakhand Prime 24X7

जरूरतमंद बेटी के विवाह में सहारा बना इनर व्हील क्लब, सदस्यों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

Date/13/10/2026

Mussoorie/Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए इनर व्हील क्लब मसूरी ने जौनपुर विकासखंड के कैंपटी क्षेत्र की एक जरूरतमंद बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहयोग के साथ घरेलू सामान उपलब्ध कराया। कुलड़ी स्थित एक होटल परिसर में आयोजित सादे समारोह में क्लब की ओर से बेटी को विवाह के लिए जरूरी सामान भेंट किया गया। साथ ही 12,100 रुपये का शगुन भी दिया गया। इनर व्हील क्लब पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करता आ रहा है। क्लब के इस प्रयास का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के दौरान होने वाले खर्च में राहत देना है।

क्लब की ओर से बेटी को आटा, चावल, दाल, मसाले, तेल, चीनी, सूजी, चायपत्ती और बेसन सहित आठ हजार रुपये से अधिक कीमत का राशन उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त 11 साड़ियां, 11 सूट, कंबल, संदूक, अटैची, दो रजाइयां, दो गद्दे, चार बेडशीट, चार तकिये के कवर, लहंगा, सजावटी सामग्री, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, अन्य बर्तन और आभूषण भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष किरन त्रिपाठी ने कहा कि जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करना इनर व्हील क्लब का ड्रीम प्रोजेक्ट है। पूरे वर्ष जरूरतमंद परिवारों की ओर से आवेदन मिलने पर उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जाती है और इसके बाद विवाह के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाता है। इस कार्य में क्लब की सभी सदस्याएं सहयोग करती हैं।

पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी ने कहा कि समाज सेवा के विभिन्न कार्यों के साथ ही जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहायता करना क्लब की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि किसी परिवार की ओर से सहायता के लिए पत्र मिलने पर पहले उसकी आर्थिक स्थिति की जानकारी ली जाती है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार तक मदद पहुंच सके। विवाह सामग्री के साथ शगुन देने की परंपरा भी इसी पहल का हिस्सा है। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष किरन त्रिपाठी, सचिव अनीता बत्रा, पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी, रीना माथुर, मनीषी संघल, रश्मि कर्णवाल, अनीता डबराल, गीतू मनचंदा, प्रभा अग्रवाल और पल्लवी सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *