महाराजा अग्रसेन के समानता और सहयोग के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान – Uttarakhand Prime 24X7

महाराजा अग्रसेन के समानता और सहयोग के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान

Date/11/10/2026

Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7 

मसूरी। अग्रवाल महासभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर एकत्र होकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें 312 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

कार्यक्रम में अग्रवाल महासभा के महिला प्रकोष्ठ ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महासभा की ओर से रजत अग्रवाल, अमित गुप्ता सहित समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को ‘अग्र समाज रत्न’ से सम्मानित किया गया। वहीं नगर पालिका के मनोनीत सभासद अनिल गोयल, कुशाल राणा, विजय बिंदवाल, अनीता धनाई और विजय रमोला को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन न्यायप्रिय, अहिंसा के समर्थक और समाज कल्याण के प्रति समर्पित शासक थे। उन्होंने समानता और सहयोग का संदेश दिया, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उनके आदर्शों को केवल स्मरण करने के बजाय व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है।

अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष अनुज तायल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के शासन में समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और समानता को महत्व दिया जाता था। उन्होंने ‘एक ईंट, एक रुपया’ की परंपरा के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज आज भी महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान दे रहा है।

कार्यक्रम को पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और महासभा के संरक्षक धन प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महासभा के महामंत्री संदीप अग्रवाल ने किया। इस दौरान सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। जयंती समारोह के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर में डॉ. विनिष गुप्ता और डॉ. अनुमेहा ने 312 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल, महेश अग्रवाल, अनुज गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, जीके गुप्ता, संजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, आयुष बंसल, मोहित गुप्ता, अमित सिंघल, अनंत प्रकाश सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *