Date/06/10/2026
Mussoorie/ Uttarakhand prime 24×7
मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कॉलेज में अखिल भारतीय महिला समिति, मसूरी के तत्वावधान में कैरियर परामर्श एवं कौशल विकास कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के करीब 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों, कौशल विकास तथा रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के लिए उचित विकल्प चुनने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यशाला का संचालन शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में कार्यरत नैसकॉम फाउंडेशन, देहरादून के विशेषज्ञों गिरीश, आकांक्षा पांडे और वर्षा ने किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बदलते दौर में आवश्यक कौशल, विभिन्न कैरियर विकल्पों तथा अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर भविष्य की दिशा तय करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेषज्ञों से कैरियर और भविष्य से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक एवं उपयोगी सुझाव दिए। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रही। विशेषज्ञों का स्वागत एवं परिचय स्थायी समिति की सदस्य कमल शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला समिति, मसूरी के लिए यह वर्ष विशेष महत्व रखता है, क्योंकि समिति अपना शताब्दी वर्ष मना रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय रहते सही कैरियर मार्गदर्शन मिलना उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष भारोसी रावत, सचिव गीतू मनचंदा एवं कोषाध्यक्ष उषा धनाई ने सहयोग किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय महिला समिति, मसूरी की सदस्य आशा गुप्ता, मीरा गुप्ता, हरजिंदर वढेरा, रमनजीत कौर, उषा धनाई, रजनी एकांत, किरण त्रिपाठी, उषा मेहरा एवं अनीता बत्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल का विशेष आभार व्यक्त किया गया।