Date/05/10/2026
Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज (जीडीएमसी), देहरादून को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत सूचीबद्ध कर लिया गया है। इसके लिए सोमवार को क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस, देहरादून और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौता ज्ञापन पर क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस देहरादून के निदेशक और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के साथ ही मेडिकल कॉलेज ईसीएचएस लाभार्थियों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने वाले सूचीबद्ध संस्थानों में शामिल हो गया है। इस व्यवस्था से देहरादून सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले हजारों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को दून मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श, उपचार और अन्य उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे ईसीएचएस लाभार्थियों के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह समझौता देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दून मेडिकल कॉलेज के ईसीएचएस से जुड़ने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए देहरादून में उपचार के विकल्प बढ़ेंगे।