मंत्री गणेश जोशी ने काशीपुर में एरोमा पार्क का निरीक्षण किया – Uttarakhand Prime 24X7

मंत्री गणेश जोशी ने काशीपुर में एरोमा पार्क का निरीक्षण किया

Date/04/10/2026

Kashipur/Uttarakhand prime 24×7 

काशीपुर। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने काशीपुर स्थित एरोमा पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय जोशी ने एरोमा पार्क में संचालित गतिविधियों एवं मिंट सहित सभी सगन्ध फसलों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन हेतु किए जा रहे कार्यों का अवलोकन भी किया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों से एरोमा पार्क की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों से संबंधित कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एरोमा पार्क में सुगंधित एवं औषधीय पौधों से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाए। विभागीय मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पार्क को किसानों के लिए अधिक उपयोगी और लाभकारी बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार इन संभावनाओं को किसानों की आर्थिकी से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एरोमा पार्क किसानों को उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड महक क्रांति नीति 2026-36 प्रदेश में सुगंधित खेती को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उच्च मूल्य वाली फसलों और सुगंधित पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि एरोमा पार्क जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश के किसानों को नई तकनीक, नए बाजार और बेहतर आय के अवसरों से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होंगे। इस अवसर पर सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव, निदेशक पारडी संस्थान डॉ. नृपेन्द्र चैहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *