Rudraprayagउत्तराखंड

केदारनाथ में दुकानों को हटाने पर व्यापारियों का फूटा आक्रोश

हेलीपैड पर जनसभा कर प्रशासन के खिलाफ जताया विरोध

Date/03/10/2026

Rudraprayag/ Uttarakhand prime 24×7 

रूद्रप्रयाग। केदारपुरी में स्थानीय हक-हकूकधारियों की अस्थायी प्रसाद की दुकानों को हटाए जाने के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को व्यापार संघ श्री केदारनाथ के बैनर तले व्यापारियों ने हेलीपैड पर जनसभा आयोजित कर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों ने कहा कि एक ओर सरकार स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से स्थानीय लोगों द्वारा संचालित प्रसाद की दुकानों को हटाया जा रहा है।

सभा की अध्यक्षता व्यापार संघ अध्यक्ष विष्णुकांत रुवाड़ी ने की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को केदारपुरी के विकास के साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर के आसपास ऊंची रेलिंग लगाए जाने से मंदिर परिसर का स्वरूप बदला है। वहीं, ओम चैक से केदारनाथ मंदिर तक पैदल मार्ग के दोनों ओर स्थानीय हक-हकूकधारी अनादिकाल से अस्थायी प्रसाद की दुकानें संचालित करते आ रहे हैं। इस वर्ष कुछ दुकानों को हटाए जाने की कार्रवाई का व्यापार संघ विरोध करता है।

केदार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा कि स्थानीय तीर्थ पुरोहितों ने केदारपुरी के विकास के लिए अपनी भूमि तक उपलब्ध कराई है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों की दुकानों को हटाया जाना उचित नहीं है।

तीर्थ पुरोहित अनित शुक्ला ने कहा कि मार्ग चैड़ीकरण और मंदिर परिसर के विकास के लिए पूर्व में तीर्थ पुरोहितों ने प्रशासन को भूमि उपलब्ध कराई थी। इसके बावजूद कई लोगों को अब तक भूमि का मुआवजा नहीं मिला है और न ही उसके बदले वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं विकसित करने के बजाय स्थानीय हक-हकूकधारियों को परेशान करना उचित नहीं है।

इस दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि स्थानीय हक-हकूकधारियों की दुकानें पूर्ववत संचालित होने दी जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकानों को हटाने का प्रयास किया गया तो व्यापारी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनिल रावत, लक्ष्मी जुगरान, धर्मेंद्र शुक्ला सहित पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button