सीएम ने मिलकर विधायक आशा नौटियाल ने उठाया स्थानीय स्वरोजगार से लेकर स्वास्थ्य और सड़क का मुद्दा
केदारनाथ धाम में स्थानीय व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रखने की पैरवी

Date/03/10/2026
Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विधायक आशा नौटियाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर स्थानीय स्वरोजगार कर रहे लोगों की आजीविका एवं हितों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के साथ ही वर्षों से यात्रा मार्ग पर रोजगार कर रहे स्थानीय लोगों के हितों का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े निर्णयों में स्थानीय नागरिकों की आजीविका और रोजगार को ध्यान में रखा जाना चाहिए। इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने का भी उल्लेख किया गया।
विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनाए जाने तथा आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य पदों के सृजन का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ऊखीमठ चारधाम एवं पंचकेदार यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के साथ तहसील और ब्लॉक मुख्यालय भी है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी तथा तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। विधायक ने मुलाकात के बाद कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दृष्टिगत ऊखीमठ पीएचसी के उच्चीकरण और आवश्यक पदों के सृजन की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी।




