लंबित ऋण प्रकरणों पर सख्त निर्देश, पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
लंबित ऋण प्रकरणों पर सख्त निर्देश, पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ

Date/23/09/2026
Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7
रुद्रप्रयाग। सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में अनावश्यक देरी पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक में लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित बैंक प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा स्वरोजगारपरक योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र लाभार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध हो। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि ऋण आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को आवश्यक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही ऋण एवं वित्तीय सहायता की प्रगति की समीक्षा की गई। पर्यटन विभाग, आरसेटी, ग्रामीण आजीविका मिशन सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की स्थिति पर चर्चा की।
जिला विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं में लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बैंक एवं विभागीय अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग महेश प्रकाश, अग्रणी बैंक प्रबंधक अनूप असवाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, निदेशक आरसेटी अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।




