उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी मसूरी शेरू क्लासिक, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच – Uttarakhand Prime 24X7

उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी मसूरी शेरू क्लासिक, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच

Date/05/07/2026

Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7 

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग के आगामी सीजन में पहली बार मसूरी शेरू क्लासिक फ्रेंचाइजी टीम प्रतिभाग करेगी। यहां आयोजित प्रेस वार्ता में टीम के पदाधिकारियों ने टीम की योजनाओं, आगामी तैयारियों एवं अपने विजन की जानकारी साझा की और बताया कि हमारा उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को बेहतर मंच देना है। यहां एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शेरू क्लासिक के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि वह बतौर को-ओनर मसूरी शेरू क्लासिक टीम से जुड़े हैं। टीम के ओनर अरुण कुमार हैं, जबकि शेरू अंग्रीश एवं विकास रावत को-ओनर के रूप में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं आईपीएल में लगभग 15 वर्षों तक खेल चुके प्रदीप सांगवान टीम के मेंटर के रूप में जुड़ चुके हैं, जिससे खिलाड़ियों को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि शेरू क्लासिक देश का सबसे बड़ा बॉडीबिल्डिंग शो आयोजित करता है, जहां से चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिस्टर ओलंपिया जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं तक पहुंचते हैं। उनका उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को क्रिकेट के साथ-साथ बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में भी अवसर प्रदान करना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाना है।

टीम के ओनर अरुण कुमार ने बताया कि 18 सितंबर से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे तथा इसका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर किया जाता है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि मसूरी शेरू क्लासिक पहली बार उत्तराखंड प्रीमियर लीग में भाग ले रही है। खिलाड़ियों के चयन के लिए जुलाई माह में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इन ट्रायल्स का आयोजन गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में किया जाएगा, जो मसूरी शेरू क्लासिक की आधिकारिक पार्टनर अकादमी है। बताया कि गुरुकुल क्रिकेट अकादमी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करती है, बल्कि क्रिकेट प्रशिक्षण एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। अकादमी का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों के अभाव में पीछे न रहने देना है। को-ओनर विकास रावत ने कहा कि टीम का उद्देश्य उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना है। उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं से ट्रायल्स में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मसूरी शेरू क्लासिक प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रेस वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा तथा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण रौतेला वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *