उत्तराखंड

सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में विफल साबित हुईः संजय किशोर

सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में विफल साबित हुईः संजय किशोर

Date/20/06/2026

Vikashnagar/Uttarakhand prime 24×7 

विकासनगर। विकासनगर स्थित तिलक भवन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर द्वारा नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए संजय किशोर ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक से उनकी मेहनत, समय और भविष्य पर गंभीर आघात पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। इस गंभीर विषय पर देश के प्रधानमंत्री द्वारा अब तक कोई स्पष्ट और ठोस वक्तव्य न दिया जाना भी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

संजय किशोर ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ियों के कारण अनेक छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। कुछ मामलों में युवाओं द्वारा आत्महत्या जैसे दुखद कदम उठाए जाने की खबरें भी सामने आई हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। ऐसे समय में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता उन परिवारों से संपर्क करेंगे जिनके बच्चे नीट तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि नीट पेपर लीक प्रकरण एवं अन्य परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपना इस्तीफा दें। उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं और छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रेस वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विपुल जैन, शम्मी प्रकाश, आशीष पुंडीर, सुरेंद्र शर्मा, असद खान, विनोद रावत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button