Haridwarउत्तराखंड

हरिद्वार में जमीन को लेकर जंग, दो पक्षों में टकराव

मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात, लाठियां फटकार कर पुलिस ने भीड़ का भगाया

Date/09/06/2026

Haridwar/Uttarakhand prime 24×7 

हरिद्वार। बहादराबाद में जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने सामने आ गए। टकराव की स्थिति की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों को विवादित स्थल से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पिछले दो दिनों से भूमि को लेकर यह विवाद चल रहा है। वहां कब्जे को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि एक पक्ष ने जमीन पर अपना दावा जताते हुए रॉयल प्रॉपर्टी डेवलपर्स के बैनर लगाकर कब्जे का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष ने पुलिस और प्रशासन को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कब्जे के लिए आए लोगों को लाठियां फटकार कर हटाया। साथ ही मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। दोनों पक्ष जमीन को अपने अपने हक में बता रहे हैं, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।

विवादित भूमि को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार के तनाव या टकराव की आशंका को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है। पुलिस लगातार विवादित जमीन पर निगरानी बनाए हुए है। भूमि के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन किसी भी पक्ष के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

मौके पर पुलिस लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को चेतावनी दे रही है। पुलिस ने एसडीएम के मौखिक निर्देशों का हवाला देते हुए दोनों पक्षों के लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे विवादित स्थल से दूर रहें। बिना अनुमति वहां प्रवेश न करें। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए हैं। रातभर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। बहादराबाद में शनि मंदिर के पास भूमि पर कब्जे और स्वामित्व को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। भूमि पर दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए थे। जिन्हें हटाया गया था। दोनों पक्षों को भूमि से संबन्धित दस्तावेज लेकर बुलाया गया है। अलग अलग न्यायालयों में भी भूमि को लेकर मामले चल रहे हैं। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। यदि किसी ने भी शांति भंग करने का प्रयास किया तो, संबंधित थाने की पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button