आखिरकार रमोलसारी गांव का सपना हुआ पूरा, विधायक ने किया सड़क का लोकार्पण
आखिरकार रमोलसारी गांव का सपना हुआ पूरा, विधायक ने किया सड़क का लोकार्पण

Date/13/04/2026
Dhanolti/Uttarakhand prime 24×7
धनौल्टी। आखिरकार धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विधायक निधि से बनी रमोलसारी गांव की सड़क का लोकार्पण कर दिया। इस मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विधायक का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। आखिरकार वर्षों बाद रमोलसारी गांव पहुंचे धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विधायक निधि से10 लाख रूपये की लागत से निर्मित 2.5 किमी रमोलसारी सड़क का लोकार्पण किया।
बता दें कि रमोलसारी गांव साल 2004 की भीषण आपदा के बाद काफी चर्चाओं में आया था। आपदा के दौरान गांव में सड़क न होने के कारण प्रशासन को प्रभावितों तक आपदा राहत सामाग्री पहुंचाने में भारी मशक्कतश् करनी पड़ी थी। इस दौरान प्रभावितों का हालचाल जानने पहुंचे तत्कालीन सांसद भी गांव की विषम भौगौलिक परिस्थिति के चलते गांव तक नहीं पहुंच पाये थे।
गांव की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावितों को गांव से दूर छाम-मैण्डखाल मोटरमार्ग के किनारे शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा। कुछ दिनों तक विस्थापन की बात होती रही, लेकिन बाद में कोई नतीजा नहीं निकला और बाद विस्थापन प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया। तभी से ग्रामीण सड़क की मांग कर रहे थे।
सड़क नहीं होने से गांव में कई बार इस तरह के हालात भी बने जैसे गांव की प्रसूताओं, बीमार लोगों को टार्च की रोशनी में गांव से डण्डी कण्डी के सहारे बमुश्किल सड़क तक पहुंचाया था, जो कि कई बार मीडिया की सुर्खियां भी बना था। ग्रामीणों ने विधायक प्रीतम सिंह पंवार से सड़क निर्माण की मांग की थी।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने ग्रामीणों की तकलीफ को समझा और 10 लाख रुपये की लागत से लगभग 2.5 किमी गांव की सड़क कराई। अब गांवों में छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। इस अवसर पर रमोलसारी गांव के लोगों ने कोशल गांव के लोगों का भी सड़क निर्माण सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि सबसे बड़ा श्रेय में उन लोगों को देता हूं, जिन लोगों ने अपनी अपनी भूमि सड़क निर्माण में दी है। ऐसे कार्यों में धन के सदुपयोग होने पर बड़ी खुशी होती है। अभी तक उन्होंने अपने इलाके में 40 सड़कों का निर्माण विधायक निधि से करवाया गया है।



