
Date/28/03/2026
Dehradun/ Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के उपरान्त उत्पन्न परिस्थितियों के परिणामस्वरूप गैस एवं ईंधन की नियमित आपूर्ति एवं सम्भावित कठिनाई के समाधान के सम्बन्ध में मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन द्वारा समस्त प्रमुख सचिव/सचिव, महानिदेशक, पुलिस, मण्डल आयुक्त, कुमायॅू/गढ़वाल, समस्त जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, समस्त जिला पूर्ति अधिकारी तथा ऑयल कम्पनी के समस्त अधिकारियों के साथ बैठक की गयी। 1. घरेलू गैस की आपूर्ति के सम्बन्ध में ऑयल कम्पनी के नोडल अधिकारी एल0पी0जी0 स्वर्ण सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है। अस्पताल एवं शैक्षणिक संस्थाओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। सचिव, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अवगत कराया गया कि स्थिति सामान्य है। 2. समस्त जिलाधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपदों में घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है। किन्तु व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम हो रही है। सभी के द्वारा व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति बढ़ाये जाने की मांग की गयी।3. मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड द्वारा ऑयल कम्पनियों के अधिकारियों को शासन द्वारा जारी 40 प्रतिशत नयी एस0ओ0पी0 के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। 4. राज्य स्तरीय समन्वयक, आई0ओ0सी0एल0 द्वारा अवगत कराया गया कि डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति एवं स्टॉक सामान्य है। कोई समस्या नहीं है। जिलाधिकारियों द्वारा भी अवगत कराया गया कि जनपदों में डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और कोई समस्या नहीं है। 5. अपर सचिव, कृषि द्वारा अवगत कराया गया कि उर्वरक की कोई कमी नही है। उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन द्वारा समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये कि यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि उर्वरक को निर्धारित सीमा के अन्तर्गत ही वितरण सुनिश्चित किया जाये। किसी भी दशा में दुरूपयोग न होने पाये। 6. मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन द्वारा आगामी चारधाम यात्रा के दौरान एल0पी0जी0 की उपलब्धता एवं आपूर्ति के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी, रूद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी द्वारा अवगत कराया गया कि 19 अप्रैल 2026 से चारधाम यात्रा प्रारम्भ हो रही है। जिस हेतु व्यावसायिक गैस सिलण्डरों की अतिरिक्त मांग होगी। इस हेतु मुख्य सचिव, महोदय द्वारा निर्देश दिये गये कि चारधाम यात्रा हेतु एल0पी0जी0 एवं व्यावसायिक गैस की अतिरिक्त मांग भारत सरकार को प्रेषित की जाये। साथ ही ऑयल कंपनियों को निर्देश दिये गये कि चारधाम यात्रा मार्ग पर व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति विगत वर्ष के मांग के अतिरिक्त करवाना सुनिश्चित करेंगे। चारधाम यात्रा में गैस की मांग के सम्बन्ध में सचिव, पर्यटन को निर्देश दिये गये कि सम्बन्धित जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए वास्तविक मांग एवं समाधान के सम्बन्ध में प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जाये।




