स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया
स्पीकर ऋतु खंडूड़ी भूषण ने नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया

Date/18/03/2026
Kotdwar/Uttarakhand prime 24×7
कोटद्वार। हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति, कोटद्वार द्वारा बद्रीनाथ-कोटद्वार मार्ग स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह में भव्य, गरिमामय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में ऋतु खण्डूडी भूषण ने हिंदू नववर्ष की सभी क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि नव ऊर्जा, नव उत्साह और नए संकल्पों के साथ जीवन को आगे बढ़ाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होने वाला नवसंवत्सर हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के साथ हमारे गहरे संबंध का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से अपने सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने, समाज में सकारात्मकता फैलाने और एकजुट होकर प्रदेश एवं देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव को देखकर मुख्य अतिथि ने उनकी सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अध्यक्ष खण्डूडी ने नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति, कोटद्वार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को जागृत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजकों को सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई दी। अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए हिंदू नववर्ष को सभी के जीवन में नई आशाओं और उपलब्धियों का संदेश लेकर आने की कामना की।




