Tehriउत्तराखंड

टिहरी में अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल का आगाज

हवा में रोमांच का प्रदर्शन कर रहे 11 देशों के खिलाड़ी

Date/27/02/2026

New Tehri/Uttarakhand prime 24×7 

नई टिहरी। एशिया के सबसे बड़े बांधों में शुमार टिहरी झील के मनोरम तट पर स्थित कोटी कॉलोनी में अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल 2026 का आगाज हो गया है। जिसमें विश्व के 11 देशों से आए 57 प्रतिभागी खिलाड़ी अपनी रोमांचक एक्रोबेटिक एवं साहसिक खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। एक्रो फेस्टिवल के जरिए एरियल सिल्क, एरियल हूप, स्लैकलाइन, पैरा संबंधित एक्रोबेटिक खेलों समेत विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिन्हें देखने के लिए काफी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पहुंच रहे हैं।

टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल एसआईवी चौंपियनशिप 2026 का उद्देश्य टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय साहसिक खेल पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करना है। अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल के आयोजन से टिहरी जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। आगामी दिनों में यहां आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं और प्रदर्शन रोमांच प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे।

इस फेस्टिवल का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी झील साहसिक खेलों के लिए अपार संभावनाओं से भरपूर है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर बनेगी। बल्कि, स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि आज अगर यहां पर इतने बड़े स्तर के खेलों का आयोजन हो रहा है तो इसमें टिहरी के लोगों का बड़ा योगदान है। क्योंकि, यहां के लोगों ने अपनी विरासत को न्यौछावर करके इतना बड़ा शहर झील में समाया है। सबसे अच्छी बात ये है कि स्थानीय युवाओं को यहां पर मौका मिल रहा है। टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। टिहरी झील ऐतिहासिक है। यहां 2026 में अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल हो रहा है, जिसको आगे बढ़ाने का काम हम सबका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button