
Date/08/02/2026
Dehradun/Uttarakhand prime 24×7
देहरादून। अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने के आरोप में थाना सिटी कोतवाली देहरादून में प्रमोद कुमार बालियान, हरिओम सिंह यादव, सचिन वर्मा, मेहर सिंह मनवाल एवं संतोष सिंह गुसाईं के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 30 जनवरी 2026 की है। उस दिन अधिवक्ता जुबैर अहमद एवं प्रवीन रावत न्यायालय जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बंटू कुमार शर्मा के चैंबर के सामने प्रमोद कुमार बालियान एवं उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। इस हमले में प्रवीन रावत के हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया।
अधिवक्ता जुबैर अहमद ने बताया कि इससे पूर्व भी प्रमोद कुमार बालियान, उसके दोनों पुत्रों एवं अन्य साथियों द्वारा उन्हें और उनके साथियों को जान से मारने की नीयत से हमला किया गया था, जिस संबंध में थाना सिटी कोतवाली में धारा 307 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त मुकदमे में लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। समझौते से इंकार करने पर आरोपियों ने दोबारा हमला किया तथा 05 फरवरी 2026 को उनके एवं प्रवीन रावत के विरुद्ध झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।जुबैर अहमद ने बताया कि जब उन्हें अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे की जानकारी हुई तो वे थाना प्रभारी हरिओम सिंह चौहान से मिले और पूरे घटनाक्रम से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत किए। तथ्यों के अवलोकन के बाद थाना प्रभारी द्वारा चौकी प्रभारी को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए, जिसके पश्चात प्रमोद कुमार बालियान एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।




