Rudraprayagउत्तराखंड

रुद्रप्रयाग में बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिरा

गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत

Date/17/01/2026

Rudraprayag/Uttarakhand prime 24×7 

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत रैंतोली पेट्रोल पंप के समीप बीती शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वहीं पुलिस एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने शव को बड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकी वाहन का नदी में कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

गौर हो कि देर रात लगभग 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से अलकनंदा नदी में गिर गया है। सूचना मिलते ही चौकी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आपदा नियंत्रण कक्ष, 108 एंबुलेंस एवं जल पुलिस को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। सभी संबंधित विभागों की टीमों ने रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बोलेरो कैंपर सीधे नदी में जा गिरा। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम द्वारा नदी से एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया, जिसे 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार वाहन के विवरण व मृतक की शिनाख्त के संबंध में जानकारी अलग से साझा की जाएगी। देर रात करीब 4 बजे तक खोजबीन कार्य जारी रहा, जिसके बाद अंधेरा और परिस्थितियों को देखते हुए अभियान स्थगित किया गया। शेष तलाश एवं रेस्क्यू कार्य आज पुनः प्रारंभ किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस व प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा कि रुद्रप्रयाग शहर से लगभग 5 किमी दूर रेंतोली में देर रात हाईवे किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए वाहन करीब 100 मीटर गहरी खायी से होते हुए अलकनंदा नदी में समा गया। वाहन नदी में डूब गया है या बह गया है, कुछ पता नहीं चल पा रहा है। वाहन में अन्य लोग भी सवार हो सकते हैं, इसके लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button