Rudraprayagउत्तराखंड

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निर्माण कार्य समय पर हो पूर्ण

डीएम ने किया सुमाड़ी भरदार में बन रहे राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निरीक्षण

दिनांक/30/09/2025

Rudraprayag/Uttarakhandprime 24×7 

रुद्रप्रयाग। विकासखण्ड जखोली के अंतर्गत सुमाड़ी भरदार में बन रहे राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था बिड़कुल के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय के सभी भवन निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार कर शिक्षा विभाग को हैंडओवर किए जाएं, ताकि समय पर पठन-पाठन की गतिविधियां शुरू की जा सकें।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का नया द्वार खोलेगी और इसका लाभ सीधे ग्रामीण व स्थानीय छात्र-छात्राओं को मिलेगा। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी जिलाधिकारी के सामने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें रखीं। जिस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर समस्याओं का निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए। सहायक निदेशक माध्यमिक शिक्षा जगदीश काला ने जानकारी दी कि सुमाड़ी भरदार में बन रहे राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पर कुल 44 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत आ रही है। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग आवासीय होस्टल, शिक्षकों के लिए रिहायशी परिसर, अकादमिक हॉल, मल्टीपल हॉल तथा अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक बिड़कुल अनिल कुमार आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट, बीडीओ जखोली सुरेश शाह, पटवारी राजेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button