दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी के सेक्टर-12 में कैटरिंग स्टाफ संदीप ठाकुर (48) की पीट-पीटकर नृशंस हत्या करने के आरोप में दो डीजे प्लेयर 22 वर्षीय अमन और 19 वर्षीय अंशुल वर्मा को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों यहां अपनी एक रिश्तेदार के घर में छुपकर बैठे थे।
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या के आरोपी दोनों युवक अमन और अंशुल वर्मा दिल्ली के विजय विहार के रहने वाले हैं। आरोपियों ने संदीप ठाकुर के सिर पर प्लास्टिक क्रेट से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद दोनों समस्तीपुर भाग गए थे। इस हत्याकांड के संबंध में प्रशांत विहार थाने में आईपीसी की धाराओं 302 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
स्पेशल कमिश्नर (क्राइम) रविंद्र सिंह यादव ने रविवार को बताया कि 9 फरवरी की रात प्रशांत विहार थाना पुलिस को रोहिणी सेक्टर-12 के डीडीए ग्राउंड में लगे सावरिया टेंट में मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। यहां पुलिस को एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया था कि सावरिया टेंट में अमन और अंशुल नाम के दो आरोपियों ने खाने की प्लेट लाने में देरी होने के कारण प्रेम नगर, किरारी के रहने वाले केटरिंग स्टाफ संदीप ठाकुर को पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई।