साइबर धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड शैलेंद्र उर्फ शेरू गिरफ्तार – Uttarakhand Prime 24X7

साइबर धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड शैलेंद्र उर्फ शेरू गिरफ्तार

दिनांक/12/06/2025

Udham Singh Nagar 

ऊधमसिंहनगर। पुलिस ने साईबर धोखाधडी् के मास्टरमाइंड शैलेंद्र उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के दूरदर्शी नेतृत्व और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप, रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज एक बड़े साइबर धोखाधड़ी मामले के मुख्य वांछित शैलेंद्र उर्फ शेरू चैहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी 29 मई, 2025 को मुकदमें में धोखाधड़ी के मामले से जुड़ी है, जिसमें हरबंस लाल, निवासी शांति कॉलोनी, रुद्रपुर के पेटीएम खाते से 54,999 रुपये की अवैध निकासी की गई थी। इस राशि को देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित बैंकों के खातों में स्थानांतरित किया गया था, जिससे इस अपराध के अंतरराज्यीय स्वरूप का खुलासा हुआ था। इस मामले में रुद्रपुर पुलिस ने पहले ही छह शातिर लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इनमें प्रशांत कुमार, विजय कुमार, आकाश कुमार, मोहित कुमार, विशाल कुमार और अंकुर कुमार शामिल थे, जो सभी बरेली, उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से संबंधित थे। इन गिरफ्तारियों के बाद भी, शैलेंद्र उर्फ शेरू चैहान सहित तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। शैलेंद्र की तलाश में जुटी कोतवाली रुद्रपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अत्याधुनिक तकनीकी सहायता का सहारा लिया। आरोपी के विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहनता से पड़ताल की गई। इंस्टाग्राम पर उसकी प्रोफाइल मिलने के बाद, जांच टीम ने पिछले सात वर्षों की सभी पोस्ट्स का बारीकी से विश्लेषण किया। इस विश्लेषण ने ही आरोपी के ग्वालियर, मध्य प्रदेश से गहरे जुड़ाव को उजागर किया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरें आरोपी की जीवनशैली और आवाजाही के महत्वपूर्ण सुराग प्रदान कर रही थीं। वह अक्सर ग्वालियर या उसके आसपास के शोरूम्स, मॉल्स, रिसॉर्ट्स और होटलों से तस्वीरें साझा करता था। सबसे महत्वपूर्ण सुराग विभिन्न महंगी गाड़ियों के साथ उसकी तस्वीरें थीं, जिनमें फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, बलेनो, क्रेटा, रेंज रोवर और हुंडई जैसी गाड़ियां शामिल थीं। पुलिस ने इन सभी गाड़ियों के नंबर, मेक और मॉडल प्राप्त कर गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ये सभी गाड़ियां अलगकृअलग लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर पर पंजीकृत थीं, लेकिन इन सभी का लिंक ग्वालियर से जुड़ रहा था। एक गाड़ी शैलेन्द्र के नाम पर भी पाई गई, जो थाटीपुर क्षेत्र से पंजीकृत थी। इस विस्तृत पड़ताल ने आरोपी के ग्वालियर कनेक्शन को और मजबूत किया। इन ठोस सबूतों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, रुद्रपुर पुलिस की एक विशेष टीम 8 जून को ग्वालियर के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से, आरोपी की तस्वीर और वाहन विवरण के माध्यम से उक्त क्षेत्र की खुफिया तौर से रेकी की गई और अंततः आरोपी का घर पहचान लिया गया। 9 जून को जब टीम घर पर पहुंची, तो परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि शातिर अपने अन्य साथियों की गिरफ्तारी के बाद से ही घर से फरार हो गया था, शायद इस डर से कि वे पुलिस को उसके बारे में जानकारी न दे दें। हालांकि, रुद्रपुर पुलिस ने हार नहीं मानी। मिली सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी ग्वालियर से बरेली की ओर भाग गया है। सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने 11 जून को रामपुर रोड पर आर्क होटल के पास से शैलेंद्र उर्फ शेरू चैहान को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *